गोरखपुर में मां कड़जहा देवी के प्रति श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देवरिया रोड स्थित प्रसिद्ध मां कड़जहा देवी मंदिर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। श्रद्धालु झंगहा क्षेत्र स्थित गुर्रा नदी पहुंचे। यहां से कलश में पवित्र जल भरकर रामनगर कड़जहा स्थित देवी मंदिर के कथा स्थल तक पहुंचे। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालुओं की कतारें, धार्मिक धुनों पर बजते ढोल-नगाड़े और सजे-धजे हाथी-घोड़ों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई। पूरे मार्ग में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। मंदिर के महंत राजविंद ने बताया कि मां कड़जहा देवी मंदिर में हर साल भव्य कलश शोभायात्रा निकालने की परंपरा है। इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु एकजुट होकर पूजा-पाठ और कथा श्रवण में भाग लेते हैं। गुर्रा नदी से पवित्र जल भरकर कथा स्थल तक पहुंचना इस धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

