जयपुर की 5 पंचायत समितियों में वोटिंग कल:3 लाख से ज्यादा वोटर करेंगे 264 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला, 20 नवंबर को आएंगे परिणाम

जयपुर की 5 पंचायत समितियों में वोटिंग कल:3 लाख से ज्यादा वोटर करेंगे 264 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला, 20 नवंबर को आएंगे परिणाम

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग कल होगी। जयपुर जिले में 5 पंचायत समितियों में वोटिंग के लिए आज पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। इन पंचायत समितियों के अलावा जिला परिषद के 11 वार्डो में भी वोटिंग करवाई जाएगी। इन चुनावों में कुल 264 उम्मीदवार मैदान में है। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। आज भवानी निकेतन परिसर स्थित फार्मेसी कॉलेज से जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के निर्देशन में पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। ये पाेलिंग पार्टियां इन सभी 5 पंचायत समितियों के वार्डो में कल वोटिंग करवाएगी। वोटिंग के बाद चुनाव ईवीएम मशीनें देर रात तक जयपुर में भवानी निकेतन परिसर लाई जाएगी। जहां 20 नवंबर को इन वोटों की गणना करके रिजल्ट जारी किया जाएगा। 3.74 लाख से ज्यादा वोटर्स जयपुर जिला निर्वाचन शाखा ने इन पंचायत समितियों में वोटिंग के लिए 442 पोलिंग बूथ बनवाए है। जिन पर कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता वोटिंग करेंगे। इसमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला तथा एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इन पंचायत समितियों में चुनाव पंचायत समिति चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर में 3 नवंबर को वोटिंग होगी। जबकि इन्ही पंचायत समिति क्षेत्रों में आ रहे जिला परिषद वार्ड संख्या 27 से 37 में भी वोटिंग करवाई जाएगी। 5 नवंबर को होंगे सरपंच के चुनाव इन सभी पंचायत समितियों में आने वाली 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच, वार्ड पंच के चुनाव 5 नवंबर को होंगे। नामांकन प्रक्रिया 4 नवंबर को होने के बाद 5 नवंबर को वोटिंग होगी और उसी दिन देर रात तक परिणाम घोषित किए जाएंगे। चाकसू पंचायत में 32 ग्राम पंचायत, कोटखावदा में 27 ग्राम पंचायत, माधोराजपुरा में 25, फागी में 26 और सांगानेर में 23 ग्राम पंचायत हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *