गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) में 21 और 22 नवंबर को एलुमनी मीट-2026 आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र शामिल होंगे। सम्मेलन के मुख्य अतिथि 1983 बैच के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के छात्र और रिलायंस जियो के अध्यक्ष उदय कुमार श्रीवास्तव होंगे। वहीं, 1990 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पुरातन छात्र एवं AECOM के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संजय गंभीर और NGSL के डायरेक्टर मोहम्मद अशफाक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को अधिष्ठाता (पुरातन छात्र संबंध) प्रो. बीके पांडेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न समितियों के संयोजकों और सदस्यों ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। 70 से अधिक पुरातन छात्रों ने कराया पंजीकरण विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सम्मेलन में शामिल होने के लिए अब तक 70 से अधिक पुरातन छात्र पंजीकरण करा चुके हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। सम्मेलन में पुराने छात्र अपने सहपाठियों और शिक्षकों से मिलकर पुरानी यादें साझा करेंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। वर्तमान छात्रों को मिलेगा मार्गदर्शन सम्मेलन का उद्देश्य केवल पुरातन छात्रों का पुनर्मिलन नहीं, बल्कि उन्हें अपने संस्थान से जोड़कर रखना भी है। विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे पूर्व छात्र अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे वर्तमान विद्यार्थियों को करियर, रोजगार और उद्योगों की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी। वहीं, विश्वविद्यालय को शोध, नवाचार और उद्योगों के साथ साझेदारी के नए अवसर मिल सकेंगे। बैठक में प्रो. एसपी सिंह, प्रो. दयाशंकर सिंह, प्रो. प्रभाकर तिवारी, प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. राजन मिश्रा, प्रो. पल्लव गुप्ता, डॉ. हरिश्चंद्र, डॉ. ज्योति, डॉ. सुनील कुमार यादव, डॉ. विपुल नारायण और मालवीय एलुमनी संगठन के पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर जेवी राय समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

