रेवाड़ी जिले के बावल-प्राणपुर रोड पर गांव तिहाड़ा के समीप रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने खेत से घर लौटने का इंतजार कर रहे तीन भाई-बहनों को कुचल दिया। हादसे में दसवीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा गरिमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 20 वर्षीय बहन प्रीति और 12 वर्षीय भाई शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बावल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। तीनों बच्चे एक परिवार के बताए जा रहे है। जानकारी के अनुसार गांव तिहाड़ा निवासी गरिमा, प्रीति और शुभम रविवार को अपने खेत में गए हुए थे। दोपहर करीब तीन बजे उन्हें घर लौटना था। इसके लिए उन्होंने गांव के एक युवक को खेत पर बुलाया था, ताकि वह उन्हें घर छोड़ सके। युवक बाइक लेकर खेत के पास पहुंचा और उसे सड़क किनारे खड़ा कर तीनों को लेने खेत की तरफ चला गया। इस दौरान गरिमा, प्रीति और शुभम सड़क किनारे खड़े होकर उसके वापस आने का इंतजार करने लगे। इसी बीच गांव की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे में तीनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और उपचार के लिए बावल के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में उपचार के दौरान गरिमा की मौत हो गई। वहीं प्रीति और शुभम की हालत गंभीर बनी हुई है और दोनों का उपचार जारी है। गरिमा दसवीं कक्षा की छात्रा थी। हादसे में परिवार की बेटी की मौत से गांव में शोक का माहौल है। लापरवाही से कार चलाने की प्राथमिक जांच में पुष्टि बावल थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान गरिमा की मौत हो गई। प्राथमिक जांच में कार चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास की जानकारी जुटाई जा रही है। चालक की पहचान होने के बाद उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

