दिल्ली रैली में कांग्रेसियों को रोकने का पुलिस पर आरोप:जिलाअध्यक्ष बोले; महिलाओं से भरी बस कई घंटे तक रोकी

दिल्ली रैली में कांग्रेसियों को रोकने का पुलिस पर आरोप:जिलाअध्यक्ष बोले; महिलाओं से भरी बस कई घंटे तक रोकी

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की महारैली में शामिल होने जा रहे सोनीपत के कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा जगह-जगह रोके जाने का आरोप कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने लगाया है। कमल दिवान के अनुसार, मुरथल और सेक्टर-7 चौक सहित कई स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोका। महिलाओं से भरी एक बस को भी कई घंटे तक रोककर रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने दो-तीन बसों को अपने कब्जे में ले लिया। सोनीपत से करीब एक हजार कार्यकर्ता महारैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। मुरथल और सेक्टर-7 चौक पर पुलिस ने की बैरिकेडिंग : कमल दिवान कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सुबह 9:15 बजे बहालगढ़ रोड स्थित दिवान फार्म पर एकत्रित होने का आह्वान किया गया था। यहां से सुबह 9:30 बजे सभी को एक साथ दिल्ली के रामलीला मैदान के लिए रवाना होना था। सोनीपत से करीब एक हजार कार्यकर्ता महारैली में शामिल होने के लिए निकले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुरथल और सेक्टर-7 चौक समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कमल दिवान ने बताया कि वह स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से कार्यकर्ताओं को आगे जाने देने की मांग की। महिलाओं से भरी बस को कई घंटे रोके रखा, दो-तीन बसें कब्जे में लीं : कमल दिवान कमल दिवान ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के वाहनों को रुकवाया और दो-तीन बसों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया। इनमें एक बस में महिलाएं सवार थीं, जिन्हें कई घंटे तक रोके रखा गया और महारैली में नहीं जाने दिया गया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होना नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है। महिलाओं और आम नागरिकों को इस तरह रोकना और परेशान करना उचित नहीं है। विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही सरकार : कमल दिवान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दे उठाने से कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। सरकार कितने भी अवरोध खड़े कर ले, कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। कमल दिवान के अनुसार, दिल्ली रवाना होने वाले कार्यकर्ताओं में ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *