मंडला में मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह हुआ। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए प्रोजेक्ट संधान शुरू किया। मंत्री साड़ी का पल्लू बांधकर कबड्डी के मैदान में उतरीं और ग्रामीण महिलाओं के साथ खेलीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान वे छात्रावास की बच्चियों के साथ डांस करती भी नजर आईं। संपतिया उइके ने कहा कि मध्यप्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की पहचान है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति प्रदेश का भविष्य है और युवाओं को प्रतिभा दिखाने के लिए सही मौके और मार्गदर्शन देना जरूरी है। उन्होंने मंडला में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। 12 जनवरी तक चलेगा कार्यक्रम
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि प्रोजेक्ट संधान 1 नवंबर से 12 जनवरी तक चलेगा। इसके तहत गांव, संकुल, विकासखंड और जिला स्तर पर महिला और पुरुष वर्ग में कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। ग्रामीण खेल मैदानों को ठीक करने और खिलाड़ियों को संसाधन देने पर भी जोर रहेगा। कलेक्टर ने खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल खेला। समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले पांच खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। गढ़ मंडला और एसटी कन्या छात्रावास की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद मंत्री ने दोनों दलों को पांच-पांच हजार रुपए देने की घोषणा की। स्वाभिमान पर्व की क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार में ट्रैक्टर, दूसरे पुरस्कार में बुलेट बाइक और तीसरे पुरस्कार में ई-स्कूटर दिया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। स्थापना दिवस कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें…

