पठानकोट के न्यू चक्की पुल के पास बीते रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। थार की जोरदार टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान अमृतसर जिले के गांव रमदास निवासी रमन कुमार (30), पुत्र मदन लाल के रूप में हुई है। रमन आबकारी विभाग में ठेके पर कार्यरत था। परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि रमन अपने घर में कमाने वाला अकेला सदस्य था। उसके पीछे 3.5 साल का मासूम बेटा, दो बहनें और बुजुर्ग माता-पिता हैं। परिजनों ने हादसे के जिम्मेदार थार और ट्रक चालकों की तुरंत गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और आर्थिक मुआवजे की मांग की है। रॉन्ग साइड से आ रही थार ने मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश की ओर से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रही महिंद्रा थार (गाड़ी संख्या PB 35 AM 9996) ने सामने से आ रही बाइक (संख्या PB 35 R 2621) को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमन बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और पीछे से आ रहे ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। हादसे के तुरंत बाद थार चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। परिजनों ने लगाया देरी का आरोप, मुआवजे और इंसाफ की मांग घटना की खबर मिलते ही रमन के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन की ढुलमुल कार्यशैली पर भारी नाराजगी व्यक्त की। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही पुलिस ने समय रहते परिवार को दुर्घटना की आधिकारिक सूचना दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला, चालकों की तलाश जारी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। थार के नंबर के आधार पर मालिक व चालक की पहचान की जा रही है और फरार वाहन चालकों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी व छापेमारी की जा रही है।

