दिवाली पर घर को बनाना है खास? मेन गेट से लेकर बालकनी और पूजा घर तक सजाने के लिए अपनाएं ये डेकोरेशन आइडियाज

दिवाली पर घर को बनाना है खास? मेन गेट से लेकर बालकनी और पूजा घर तक सजाने के लिए अपनाएं ये डेकोरेशन आइडियाज

Diwali Decoration Tips: दिवाली 2026 आने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। ऐसे में घरों की सफाई के साथ ही सजावट की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। घर के मेन गेट से लेकर डाइनिंग हॉल और पूजा घर तक को सजाने के लिए लोग तरह-तरह की चीजें खरीद रहे हैं और नए डेकोरेशन आइडियाज भी तलाश रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी इस दिवाली अपने घर को कुछ अलग और खूबसूरत अंदाज में सजाना चाहते हैं तो यहां दिए गए आइडियाज आपके काम आ सकते हैं।

दिवाली पर मुख्य दरवाजे को सजाने के आसान तरीके, इन डेकोरेशन आइडियाज से बढ़ाएं घर की खूबसूरती

दिवाली पर घर आने वाले मेहमानों या दिवाली पार्टी में शामिल होने वाले लोगों की नजर सबसे पहले मुख्य दरवाजे पर ही पड़ती है। इसलिए इसकी सजावट थोड़ी खास होनी चाहिए। इसके लिए आप दरवाजे पर गेंदे के फूलों और आम या अशोक के पत्तों का तोरण लगा सकते हैं। अगर चाहें तो बाजार में मिलने वाली रंगीन बंदनवार से भी दरवाजे को सजा सकते हैं। दरवाजे के दोनों तरफ छोटे गमले या मिट्टी के दीये रखें। इसके सामने फूलों या रंगों से छोटी सी रंगोली बना दें। अगर दरवाजे के आसपास ज्यादा जगह नहीं है तो सिर्फ एक सुंदर तोरण और कुछ दीयों से भी सजावट कर सकते है।

दिवाली पर बालकनी और टैरेस को सजाने के शानदार आइडियाज, कम जगह में पाएं खूबसूरत लुक

मेन गेट के बाद अगर आप मेहमानों के लिए आउटडोर सिटिंग एरिया तैयार करना चाहते हैं तो घर की बालकनी या टैरेस को सजा सकते हैं। अगर आपकी बालकनी छोटी है तो वहां ज्यादा सामान रखने की जरूरत नहीं है। रेलिंग पर छोटी-छोटी लाइट्स लगाएं और एक कोने में दो-तीन खूबसूरत गमले रख दें। इससे बालकनी का लुक बदल जाएगा। वहीं, अगर टैरेस पर जगह है तो वहां बैठने के लिए कुछ कुशन और एक छोटी सी टेबल रख सकते हैं। आसपास रंगीन लालटेन और लाइट्स लगाकर इसे खूबसूरत बना सकते हैं। शाम के समय परिवार या दोस्तों के साथ दिवाली पार्टी करने, चाय पीने और तस्वीरें लेने के लिए यह जगह अच्छी रहेगी।

दीपावली पर लिविंग रूम और पूजा कॉर्नर को सजाने के आसान तरीके, घर में लाएं फेस्टिव वाइब्स

अगर आपके यहां सर्दियां शुरू हो गई हैं और आप मेहमानों के लिए बाहर बैठने की जगह के बजाय लिविंग रूम में दिवाली पार्टी होस्ट करने की सोच रहे हैं तो इसकी सजावट पर भी ध्यान दें। इसके लिए सोफे पर नए कुशन कवर लगा सकते हैं और पुराने पर्दों की जगह रंगीन पर्दे लगा सकते हैं। सेंटर टेबल पर फूलों का गुलदस्ता या सजावटी सामान रखकर कमरे को नया लुक दिया जा सकता है। इसके साथ ही, शाम की आरती के लिए पूजा घर को अच्छी तरह साफ करें और वहां साफ कपड़ा बिछाएं। भगवान की मूर्तियों के आसपास फूलों की माला लगाएं और पूजा की थाली को भी फूलों से सजा सकते हैं। मंदिर के पास छोटी लाइट्स लगाकर इस जगह को रोशन करें।

दिवाली पर दीयों और कैंडल्स से घर सजाने के क्रिएटिव तरीके, हर कोने को बनाएं खास

दिवाली पर दीयों की रोशनी से घर सजाने का अलग ही लुक आता है। ऐसे में आप घर के मुख्य दरवाजे, खिड़कियों और बालकनी को इलेक्ट्रॉनिक लाइटों (Electronic Lights) के बदले मिट्टी के दीयों से सजा सकते हैं। इसके अलावा, कैंडल्स को सजावटी होल्डर या कांच की ट्रे में रखकर घर के किसी कोने में रख सकते हैं। अलग-अलग आकार के दीये और कैंडल्स सजावट को और खूबसूरत बना सकते हैं। इन्हें जलाते समय सावधानी रखने के साथ ही दीये और कैंडल्स को पर्दों, कागज, कपड़ों और बच्चों की पहुंच से दूर रखें।

पुरानी चीजों से बनाएं खूबसूरत DIY दिवाली डेकोर, कम खर्च में घर को दें नया और आकर्षक लुक

घर को सजाने के लिए हर बार बाजार से नया सामान खरीदना जरूरी नहीं है। घर में रखी पुरानी चीजों से भी घर को सजाया जा सकता है। इसके लिए आप पुरानी कांच की बोतलों को साफ करके उनमें छोटी लाइट्स लगा सकते है। इसके बाद इसे घर के किसी कोने के लिए सुंदर सजावटी लैंप के तरह इस्तेमाल कर सकते है। पुराने कपड़ों से तोरण या बंदनवार बना सकते हैं। ऑनलाइन शॉपिंग के गत्ते पर रंगीन कागज लगाकर सजावटी लालटेन और वॉल हैंगिंग बना सकते हैं। वहीं स्टोर रुम में रखे पुराने मिट्टी के दीयों को साफ करके रंगों से सजाएं और दोबारा इस्तेमाल करें। ऐसी छोटी-छोटी टिप्स को फॉलो कर के कम खर्च में भी घर को नया लुक देने के साथ ही पुरानी चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

कम बजट में दीपावली पर घर कैसे सजाएं? जानें खूबसूरत डेकोरेशन के लिए पैसे बचाने वाले टिप्स

  • पिछले साल खरीदी गई लाइट्स, दीये, तोरण और सजावटी सामान को साफ करके दोबारा इस्तेमाल करें।
  • सजावट के लिए महंगे फूलों की जगह गेंदे जैसे फूलों का इस्तेमाल करें।
  • घर के हर कोने में लाइट्स लगाने के बजाय मुख्य दरवाजे, लिविंग रूम और पूजा घर को अच्छी तरह सजाएं।
  • पुरानी साड़ियों और रंगीन कपड़ों से तोरण, बंदनवार और दूसरे सजावटी सामान बनाएं।
  • नया सामान खरीदने से पहले घर में मौजूद चीजों को देखें और उनका सही इस्तेमाल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *