हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के भरवाई में पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने 3 किलो 462 ग्राम चरस के साथ बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की देर रात SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी। टीम ने भरवाई में शिव मंदिर के पास नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को जांच के लिए रोका गया। बाइक चन्द्रमोहन शर्मा चला रहा था। वह वार्ड नंबर-1, मरवाड़ी, तहसील घनारी का निवासी है। राहुल निवासी बबेहड़, तहसील घनारी, बाइक पर पीछे बैठा था। बैग से डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला तलाशी के दौरान चन्द्रमोहन शर्मा के कंधे पर लटके बैग से 3.462 किलोग्राम चरस मिली। बैग से डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर चरस और तराजू अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस आरोपियों से पता लगा रही है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच जारी है। नशे के कनेक्शन की जांच करेगी पुलिस पुलिस आरोपियों के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। ऊना के पुलिस अधीक्षक ने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें।

