लखनऊ के राजाजीपुरम में घर के अंदर धर्मांतरण कराने का आरोप सामने आया है। रत्नम आई हॉस्पिटल के पास स्थित एक मकान में ईसाई धर्म की चंगाई सभा चलने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वहां सामूहिक रूप से करीब 100 लोगों का धर्म परिवर्तन कराने की तैयारी थी। विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की कोशिश की गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पहचान बदलकर सभा में पहुंचे कार्यकर्ता बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के मुताबिक, उन्हें घर के अंदर चंगाई सभा चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद कुछ कार्यकर्ता अपनी पहचान छिपाकर मौके पर पहुंचे। दरवाजे पर रोके जाने पर उन्होंने बताया कि वे ईसाई धर्म अपनाने के लिए सभा में आए हैं। इसके बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया। 100 लोगों के धर्म परिवर्तन का दावा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सभा में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। वहां कहा जा रहा था कि भगवान कुछ नहीं होता, सब कुछ ईशू हैं। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि वहां करीब 100 लोगों का सामूहिक धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इसका विरोध करने पर उन्हें बाहर निकाल दिया गया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान उनके साथ मारपीट और मॉब लिंचिंग की कोशिश की गई। प्रशासन के सामने भी उन पर हमला करने का प्रयास हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

