जयपुर-300 से ज्यादा लोग साइकिल लेकर सड़कों पर उतरे:मुख्य सचिव ने भी चलाई साइकिल, ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत प्रोग्राम

जयपुर-300 से ज्यादा लोग साइकिल लेकर सड़कों पर उतरे:मुख्य सचिव ने भी चलाई साइकिल, ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत प्रोग्राम

ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत जयपुर में रविवार सुबह 300 से ज्यादा लोग साइकिल लेकर सड़कों पर उतरे। झालाना डूंगरी से शुरू हुई ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। सभी ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रदूषण कम करने का संदेश दिया। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सुबह 6:15 बजे हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन को रवाना किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने भी साइकिल चलाकर स्वस्थ रहने का मैसेज दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामाजिक कर्तव्य है। साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है और कार्बन उत्सर्जन भी कम होता है। 1 से 7 नवंबर तक चलेगा ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक
यह कार्यक्रम 1 से 7 नवंबर तक चल रहे ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत हुआ। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने, पेड़ों की रक्षा करने और ईंधन की खपत कम करने की जरूरत है। साइकिलों पर लगाए पर्यावरण बचाने के पोस्टर
साइक्लोथॉन में लोगों ने अपनी साइकिलों पर ‘ग्रीन राजस्थान-क्लीन राजस्थान’ और ‘पर्यावरण बचाओ’ के पोस्टर लगाए। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. सुनील छिम्पा, डॉ. राम भजन कुमावत और डॉ. रितु जैन ने बताया कि सभी आयु वर्ग के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के साथ लोगों को जागरूक करना भी बोर्ड की प्राथमिकता है।
झालाना डूंगरी से शुरू हुई रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय पहुंची। यहां सभी को सर्टिफिकेट दिए गए और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *