हरियाणा में पश्चिमी हवाएं चलने से एक बार फिर तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके असर से दिन के तापमान में उछाल देखा गया, वहीं रात के पारे में हल्की गिरावट महसूस की गई है। प्रदेश में हिसार 31.6°C के साथ सबसे गर्म दर्ज किया गया। वहीं रात के समय नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.0°C दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य में सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान का हाल… 31 डिग्री के पार हुआ अधिकतम तापमान: हिसार में अधिकतम तापमान 31.6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद में 30.4°C, चंडीगढ़ में 30.3°C और चरखी दादरी में 30.3°C रहा। 3 जिलों में 14 डिग्री के करीब पारा : नारनौल में रात का तापमान सबसे कम 14.0°C दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में न्यूनतम पारा 14.5°C, गुरुग्राम में 14.9°C और पंचकूला में 15.5°C रहा। एक्सपर्ट बोले- सुबह-शाम ठंड और बढ़ेगी HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली हवाएं पहुंचीं। इससे 31 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना बनी हुई थी। नमी के प्रभाव से सुबह और शाम हल्की ठंडक बढ़ेगी, जबकि रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है। आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। किसानों के लिए एडवाइजरी: रबी फसलों की बीजाई शुरू करें… सरसों की बुवाई: खेत में पर्याप्त नमी होने पर सरसों की RH 30 और RH 0749 जैसी उन्नत किस्मों की बीजाई करें। बीजों को बोने से पहले 2 ग्राम कार्बेंडाजिम प्रति किग्रा की दर से उपचारित जरूर करें। चना, जई और बरसीम: चने की C 235 व HC 5 किस्मों की बुवाई शुरू करें। चारे के लिए जई और बरसीम की बीजाई का उपयुक्त समय है। धान व कपास: धान की कटाई से 2 हफ्ते पहले सिंचाई पूरी तरह बंद कर दें। कपास की चुगाई सुबह ओस सूखने के बाद ही करें। पराली न जलाएं: पर्यावरण सुरक्षा और खेत की उर्वरता बनाए रखने के लिए पराली बिल्कुल न जलाएं।

