नाहन हिंसा मामले में 11 आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

नाहन हिंसा मामले में 11 आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के सिलसिले में गिरफ्तार 11 लोगों को एक स्थानीय अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चित सिंह नेगी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस इस हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच व विश्लेषण कर रही है।

इस झड़प में नाहन सदर थाना प्रभारी (एसएचओ) और दो अन्य पुलिसकर्मियों समेत 14 लोग घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा तीन के तहत मामला दर्ज किया है। यह हिंसक झड़प और पथराव नाहन के वाल्मीकि चौक पर सिख समुदाय के युवकों द्वारा एक स्वागत द्वार लगाने को लेकर सिख और वाल्मीकि समुदाय के सदस्यों के बीच हुए विवाद के बाद शुरू हुआ था।

मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वाल्मीकि मोहल्ला निवासी वासु (37), शिवराज (29), विद्या सागर उर्फ राहुल (31), आर्यन (19) और आर्यवीर उर्फ आदि (21) के साथ-साथ गोविंदगढ़ मोहल्ला निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बादल (24), कुलविंदर सिंह उर्फ खोजू (24), सुखविंदर सिंह उर्फ गप्पू (21), गुरजीत सिंह उर्फ गुजू (27), तेजपाल सिंह उर्फ तेजू (19) और सोहन सिंह (21) शामिल हैं। घटना के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में भारी बल तैनात किया है और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी बनी हुई है। नाहन में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है तथा गश्त जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *