विवादास्पद राजनीति नेता वाल्मीक कराड के बेटे सुशील कराड और दो अन्य लोगों के खिलाफ बीड में एक महिला के घर में जबरन घुसने, उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने, महिला से छेड़छाड़ करने और उनकी संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, हालांकि यह घटना वर्ष 2024 में हुई थी, लेकिन मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सोलापुर की एमआईडीसी थाना पुलिस ने शुक्रवार को यह मामला दर्ज किया। पीड़ित महिला वर्तमान में सोलापुर में रहती है।
सोलापुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने एमआईडीसी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की है और जांच के लिए मामले को बीड जिले के परली वैजनाथ पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया है।’’
सुशील कराड के अलावा अन्य दो आरोपियों की पहचान अनिल मुंडे और गोपी गंजे के रूप में हुई है। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे के सहयोगी वाल्मीक कराड को पिछले साल मस्साजोग के सरपंच संतोष देशमुख की बेरहमी से की गई हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।
मौजूदा मामले में सुशील कराड और उसके दो साथियों पर शिकायतकर्ता महिला के घर में जबरन घुसने, उससे छेड़छाड़ करने, बंदूक के दम पर उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया, ‘‘आरोपियों ने पीड़िता के परिवार के एक भूखंड और सोने के आभूषणों पर जबरन कब्जा कर लिया। इसके अलावा उन्होंने पीड़िता के स्वामित्व वाले छह वाहनों को भी जब्त कर लिया’’
स्थानीय पुलिस द्वारा शुरुआत में मामला दर्ज न किए जाने पर पीड़िता ने उच्च न्यायालय का रुख किया था।
अधिकारी ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

