महोबा के कुलपहाड़ कस्बे में शनिवार शाम मोबाइल रिपेयरिंग और सीसीटीवी सेंटर में आग लग गई। आग से दुकान में रखी रिपेयरिंग मशीनें और ग्राहकों के दर्जनों मोबाइल फोन जलकर खाक हो गए। दुकानदार ने करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इंडियन बैंक के पास स्थित राजा मोबाइल गैलरी एंड सीसीटीवी रिपेयरिंग सेंटर के संचालक नितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि उन्होंने शनिवार शाम करीब 7:30 बजे रोज की तरह दुकान बंद की थी। वह घर पहुंचे ही थे कि करीब पांच मिनट बाद पड़ोसी दुकानदारों ने फोन कर दुकान के अंदर से धुआं निकलने और आवाजें आने की जानकारी दी। नितेंद्र परिजनों के साथ तुरंत दुकान पहुंचे। शटर खोलने तक आग की लपटें दुकान में फैल चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर बुझाई आग पड़ोसी दुकानदार इमरान मोहम्मद और अन्य स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दुकान में रखी महंगी रिपेयरिंग मशीनें और ग्राहकों के मोबाइल फोन जल चुके थे। सात साल की मेहनत से खड़ा किया था कारोबार नितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि वह पिछले सात साल से इसी दुकान के सहारे परिवार का गुजारा कर रहे थे। आग में उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने प्रशासन से घटना की जांच कराने और आर्थिक मदद देने की मांग की है, ताकि वह दोबारा दुकान शुरू कर सकें। आग लगने की वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

