उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एक और दो नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज आएंगे। इस दौरान वह धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पहले दिन उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। वह शहर से लेकर सोरांव तक पांच प्रमुख कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। उप मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके मुताबिक, एक नवंबर को वह सुबह 11:35 बजे लखनऊ स्थित सात कालिदास मार्ग से स्टाफ कार से अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से राजकीय विमान से प्रयागराज के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 12:35 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। निजी संस्था के वार्षिकोत्सव में होंगे मुख्य अतिथि बमरौली एयरपोर्ट से स्टाफ कार द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:05 बजे भदवा स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर के सामने आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। यहां भैया जी का दाल-भात के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे यहां से रवाना होकर परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। परेड ग्राउंड में प्रवचन महाकुंभ और भंडारा दोपहर 1:35 बजे परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विशाल प्रबुद्ध महाकुंभ और विशाल भंडारा में शामिल होंगे। यहां कार्यक्रम में सहभागिता के बाद दोपहर 2:05 बजे सोरांव के लिए रवाना होंगे। सोरांव महोत्सव का करेंगे उद्घाटन उप मुख्यमंत्री दोपहर 2:25 बजे सोरांव स्थित मेवालाल मैदान पहुंचेंगे। यहां सोरांव महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 3:40 बजे प्रयागराज शहर के लिए रवाना होंगे। MNNIT में फिल्म फेस्टिवल के अवॉर्ड समारोह का उद्घाटन केशव प्रसाद मौर्य शाम चार बजे मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) पहुंचेंगे। यहां ‘अंतरराष्ट्रीय प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026’ के अवॉर्ड शो उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद शाम 4:40 बजे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद शाम 4:50 बजे सर्किट हाउस पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री का पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का कार्यक्रम है। इसमें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान और जिलाध्यक्ष यमुनापार राजेश शुक्ला समेत अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को आरक्षित और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ रात्रि विश्राम भी प्रयागराज में करेंगे। 2 नवंबर को कार्यक्रम में होंगे शामिल दौरे के दूसरे दिन यानी सोमवार, दो नवंबर को उप मुख्यमंत्री सुबह 10:20 बजे सर्किट हाउस से रवाना होंगे। सुबह 10:30 बजे क्लासिक होटल, केपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद सुबह 11:10 बजे बमरौली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 11:40 बजे राजकीय विमान से लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 12:10 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से स्टाफ कार द्वारा रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे सात कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंचेंगे।

