लखनऊ में शनिवार को डीसीपी पश्चिमी ने पुलिस बल के साथ दुबग्गा पटाखा मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटाखों की दुकानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। दुकानदारों को सुरक्षा मानकों के पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने दुकानों पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, पानी और बालू से भरी बाल्टियों तथा आग बुझाने के अन्य संसाधनों की स्थिति भी देखी। दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानों पर पर्याप्त अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखें, ताकि आग लगने जैसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। डीसीपी ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी डीसीपी ने कहा कि पटाखों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। दुकानों के आसपास किसी भी तरह की ज्वलनशील सामग्री न रखी जाए। पटाखा मंडी में धूम्रपान और आग उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मंडी में आने-जाने वाले लोगों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के साथ ही रास्तों को बाधामुक्त रखने पर जोर दिया, ताकि आपात स्थिति में अग्निशमन और राहत-बचाव वाहन आसानी से मौके तक पहुंच सकें। पुलिस अधिकारियों को निगरानी रखने के दिए निर्देश डीसीपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मंडी में लगातार निगरानी रखने तथा दुकानदारों से सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान या बाद में किसी भी तरह की अनियमितता अथवा लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पुलिस प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

