SSP यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव:भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना,बोले-नकली धर्मनिरपेक्षता और हिंदुत्व नहीं चलेगा, अब बदलेगा यूपी

SSP यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव:भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना,बोले-नकली धर्मनिरपेक्षता और हिंदुत्व नहीं चलेगा, अब बदलेगा यूपी

सर्वजन सनातन पार्टी (SSP) ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। शनिवार को होटल पीएल पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. नागेश्वर राव ने कहा कि देश को अब नए राजनीतिक विकल्प की जरूरत है। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रितु राठौर और जिलाध्यक्ष अरुण पचौरी मौजूद रहे। राव ने कहा कि दशकों से राजनीति चार पार्टियों के इर्द-गिर्द घूम रही है। कांग्रेस छद्म-धर्मनिरपेक्षता, सपा पहचान की राजनीति, बसपा जातिवाद और भाजपा छद्म-हिंदुत्व की राजनीति करती है। किसी ने भी देश को वास्तविक विकल्प नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक शाश्वत सभ्यता है और संविधान के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता अटल है। उन्होंने सर्वजन सनातन का अर्थ समझाते हुए कहा कि सनातन का मतलब पुरातन नहीं, बल्कि सत्य सनातन, नित्य नूतन है। सूर्य शाश्वत है, पर हर सूर्योदय नया होता है। पार्टी का मूलभाव सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय है। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी साबित हुई है। कोयला, 2जी और कॉमनवेल्थ घोटालों में कितनों को सजा मिली। भ्रष्टाचार के आरोपी नेताओं को भाजपा में शामिल कर लिया जाता है। क्या भाजपा में आना जवाबदेही से बचने का पासपोर्ट है। गोमांस निर्यात पर उन्होंने कहा कि यूपी सबसे बड़ा गोमांस निर्यातक राज्य है, जहां रोजाना 25 हजार पशुओं का वध होता है। अगर SSP सत्ता में आई तो गोहत्यानाथ मठ बनाएगी और योगी आदित्यनाथ को उसका प्रमुख बनाएगी। कानून व्यवस्था पर कहा कि यूपी में सांसदों-विधायकों को तीन-तीन गनर मिल रहे हैं, अगर शांति है तो इसकी जरूरत क्यों। यहां कानून नहीं, बुलडोजर का राज है। पार्टी ने भारत पुनर्निर्माण योजना के तहत SC/ST एक्ट जैसे कानूनों को खत्म करने, जाति आरक्षण की जगह आवश्यकता आधारित आरक्षण, गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने, परिवार आयकर और किसानों को प्रति एकड़ न्यूनतम आय की गारंटी का वादा किया। टीटीजेड प्रतिबंधों को लेकर कहा कि इससे आगरा में उद्योग बंद हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। पार्टी सुप्रीम कोर्ट जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *