दिल्ली-NCR में प्रदूषण को कम करने और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को नियंत्रित रखने के प्रयासों के तहत, ‘कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट’ (CAQM) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सभी निजी और सरकारी कार्यालयों को निर्देश दिया है कि वे 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ काम करें और बाकी कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) करने की अनुमति दें। 30 अक्टूबर का यह आदेश उन सभी कार्यालयों पर लागू होगा, सिवाय उन औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं के, जहाँ इस व्यवस्था को लागू करना संभव नहीं है। इसके अलावा, CAQM ने दिल्ली-NCR में तोड़फोड़ (demolition) और बाहरी निर्माण कार्यों पर भी रोक लगा दी है। हालाँकि, रेलवे, मेट्रो सेवाओं, हवाई अड्डों, अंतर-राज्य बस टर्मिनलों, अस्पतालों, जलापूर्ति और स्वच्छता, तथा राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को इससे छूट दी गई है। CAQM के अनुसार, यह आदेश 5 नवंबर से 20 नवंबर तक दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और नोएडा में लागू रहेगा।
आयोग ने कहा ये प्रस्तावित उपाय एहतियाती हैं, जो एक निश्चित समय और क्षेत्र तक सीमित हैं। इन्हें इस बात को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है कि यह क्षेत्र मौसमी कारणों से वायु प्रदूषण के प्रति कितना संवेदनशील है। आयोग ने आगे कहा आवश्यक सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं को दी गई छूट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरी और अपरिहार्य गतिविधियाँ बाधित न हों।
बारिश के बाद दिल्ली का AQI सुधरा
पिछले दो दिनों में दिल्ली-NCR में हुई भारी बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार आया है, जिसके चलते CAQM ने नए निर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 60 दर्ज किया गया। 10 अक्टूबर 2022 के बाद से, अक्टूबर के महीने में यह सबसे साफ दिन रहा। शहर के 54 निगरानी केंद्रों में से 33 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’, 17 पर ‘अच्छी’ और चार पर ‘मध्यम’ दर्ज की गई। सबसे साफ हवा लोधी रोड पर दर्ज की गई, जहां AQI 33 था, जबकि पूसा में सबसे ज्यादा AQI 105 दर्ज किया गया। 0 से 50 के बीच के AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच के AQI को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। हालांकि, ‘एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम’ ने चेतावनी दी है कि मौसम की प्रतिकूल स्थितियों के कारण 1 नवंबर को AQI गिरकर ‘खराब’ श्रेणी में जा सकता है। यह स्थिति अगले छह दिनों तक बनी रहने की संभावना है, और इस दौरान AQI ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणियों के बीच रहेगा।

