जोधपुर के मथानिया थाना क्षेत्र में करंट लगने से बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। घटना एक दिन पहले 30 अक्टूबर की है। बच्चा घर के बाहर ही खेल रहा था, इस दौरान करंट की चपेट में आ गया। हादसे में रितेश (8) पुत्र सुमेरराम माली निवासी बालरवा पुलिस थाना मथानिया की मौत हो गई। मृतक के पिता किसान है। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मथानिया थाना ASI सोहन लाल ने बताया कि रितेश 30 अक्टूबर की सुबह घर के बाहर खेल रहा था। उसके मकान के पास एक सिंगल फेज का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जिसके पास अर्थिंग का तार लगा हुआ था। उसकी चपेट में आने की वजह से बच्चे को करंट लग गया। हादसे के बाद परिजन उसे लेकर मथानिया हॉस्पिटल आए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

