केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी, साथ ही, अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार दिया। सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर शाह ने देश के पहले गृह मंत्री को आधुनिक भारत का शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का प्रतीक बताया। सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
शाह ने कहा, हम सरदार साहब को कोटि-कोटि नमन करते हैं और राष्ट्रीय एकता दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा, अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से सरदार साहब ने रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी। साथ ही, अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान किया।
शाह ने कहा कि खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए सरदार पटेल का संघर्ष जनसेवा और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले सरदार साहब का त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम हर एक देशवासी को एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।’’

