Shivani Kumari Unfollow American influencer Marvin Achi: सोशल मीडिया स्टार और ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ फेम शिवानी कुमारी (Shivani Kumari) और अमेरिकन इन्फ्लुएंसर मार्विन (Marvin) के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले शिवानी कुमारी ने मार्विन पर उनके खिलाफ वीडियो बनाने पर नाराजगी जताई थी और रोते हुए कहा था कि वो उन्हें भाई मानती थीं और जब वो उनके गांव आए थे तो उन्होंने पूरे मान सम्मान के साथ उनका स्वागत किया था और मार्विन से पूछकर ही उनके चेहरे पर टेसू बनाया था, जिसका बाद में मार्विन ने गलत मतलब निकाल लिया। उसी को लेकर अब शिवानी कुमारी ने एक बड़ा फैसला लिया है। पहले वीडियो डाली और अब मार्विन को अनफॉलो कर दिया है।
शिवानी कुमारी ने मार्विन को किया अनफॉलो
शिवानी कुमारी ने अपने ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर 2 वीडियो शेयर किए हैं। उन्होंने एक में मार्विन से पूरी तरह दूरी बनाने का मन बना लिया है। रोते हुए अपनी बात रखने और सफाई देने के बावजूद जब कोई समाधान निकलता नजर नहीं आया, तो शिवानी ने मार्विन को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अनफॉलो कर दिया है।
वहीं, इससे पहले शिवानी ने एक और वीडियो शेयर किया था, इसमें भी वह रोती हुई दिखी और बोलीं, “हम किसी और से क्या कह सकते हैं जब हमारे देश के लोग ही हमें गलत बोल रहे हैं तो। कई ने तो हमें कहा था कि ये अपने व्यूज बढ़ाने के लिए तुम्हारा इस्तेमाल करेगा और बाद में तुम्हारी की बुराई करेगा। उस समय हमने किसी की बात नहीं मानी, लेकिन अब वह सब सच साबित हो गया है। मुझे लगता है कि इन्हें भारत से प्यार नहीं है। इन्होंने हमें पागल बनाया। मार्विन ने हमसे पूछा भी था कि फॉलोअर्स कैसे बढ़ते हैं?” अब उनका ये वीडियो भी वायरल हो रहा है।
वहीं, शिवानी के इस कदम से साफ जाहिर होता है कि वह अब इस विवाद को और आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं और न ही मार्विन के साथ किसी तरह का डिजिटल कनेक्शन रखना चाहती हैं। दोनों के बीच टैटू बनाने और फिर ट्रोल्स के कमेंट्स के बाद पैदा हुई गलतफहमियों ने इस कदर तूल पकड़ा कि एक समय खुद को ‘भाई-बहन’ की तरह पेश करने वाले इन दोनों क्रिएटर्स के बीच अब बातचीत का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका है।
सोशल मीडिया पर फैंस की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं
शिवानी द्वारा मार्विन को अनफॉलो किए जाने की खबर जैसे ही सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस और नेटिजंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। जहां शिवानी के चाहने वाले उनके इस फैसले को उनके आत्मसम्मान से जोड़कर सही ठहरा रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे विवाद का अंत मान रहे हैं। फैंस का कहना है कि अगर कोई आपकी भावनाओं की कद्र न करे और आपकी वफादारी के बदले पब्लिकली वीडियो बनाकर टारगेट करे, तो ऐसे इंसान से दूरी बना लेना ही सबसे बेहतर फैसला होता है। अब देखना यह होगा कि शिवानी के इस कड़े रुख पर मार्विन की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है।


(@shivachilli)