कांग्रेस के वोट चोरी अभियान के जवाब में भाजपा की नई मुहिम, आज कोटा से होगा आगाज

कांग्रेस के वोट चोरी अभियान के जवाब में भाजपा की नई मुहिम, आज कोटा से होगा आगाज

कोटा. कांग्रेस के वोट चोरी और लोकतंत्र बचाओ आंदोलन का जवाब देने के लिए भाजपा ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान छेड़ दिया है। भाजपा नेताओं ने वोट चोरी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलना शुरू कर दिया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गुरुवार को इस अभियान को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस से सवाल पूछा कि उनके शासन काल में 10 बार एसआइआर का काम हुआ, यदि एसआइआर गलत है तो फिर कांग्रेस ने यह अभियान क्यों शुरू किया था?

मंत्री मदन दिलावर ने किसी नेता का नाम लिए बगैर कहा कि विदेशी कोख से पैदा हुआ व्यक्ति देश का भला नहीं कर सकता। दिलावर ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर जनादेश का अपमान करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। यह लोकतंत्र पर प्रहार और देश को अराजकता की ओर धकेलने का प्रयास है, जिससे विकास बाधित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अराजकता फैलाने का षड्यंत्र कर रही है। कांग्रेस नेता देश में नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करना चाहते हैं, लेकिन देश में ऐसा कभी नहीं हो सकता। इस दौरान कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी मौजूद थी।

कांग्रेस नहीं चाहती विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटें

ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि भाजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर किया है। इसका उद्देश्य सूचियों में शुद्धता लाना है। जिसमें मृत, स्थान परिवर्तित करने वाले या भारत के नागरिक नहीं होने वाले व्यक्तियों के नाम हटाए जाते हैं। इससे पहले भी देश में 12 बार एसआइआर हो चुका है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस के 13 करोड़ नाम हटाने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि 20 लाख से अधिक बूथ स्तर अधिकारियों ने घर-घर जाकर सत्यापन किया है। इस प्रक्रिया में 2.80 करोड़ मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए, 6.3 करोड़ ने स्थान बदला था, 1 करोड़ के नाम दो जगह थे और 3 करोड़ मतदाता उपलब्ध नहीं मिले, जिनके नाम चिह्नित किए गए है। नागर ने कांग्रेस से पूछा- ‘क्या वह विदेशी घुसपैठियों और मृत मतदाताओं के नाम हटाना नहीं चाहती।’

सीएम और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष आज सभा को संबोधित करेंगे

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान का प्रदेश स्तर पर आगाज शुक्रवार को कोटा से होगा। जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि अभियान के तहत सेवन वंडर रोड पर शुक्रवार शाम 4 बजे सभा होगी। इसको मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ संबोधित करेंगे। इसके बाद यहां से पदयात्रा कोटड़ी सर्किल से होकर गुमानपुरा सर्किल से मल्टीपरपज होते हुए छावनी चौराहे पर संपन्न होगी। इसमें सीएम, प्रदेशाध्यक्ष, दोनों मंत्री, विधायकगण और पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *