बलरामपुर में तीन मिठाई दुकानों पर छापे:खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुन्दा, पनीर और खोवा के नमूने लिए

बलरामपुर में तीन मिठाई दुकानों पर छापे:खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुन्दा, पनीर और खोवा के नमूने लिए

बलरामपुर-दीपावली के त्यौहार को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का जांच एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी है।इसी क्रम में शनिवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मिठाई निर्माण इकाइयों में जांच अभियान चलाया जाएगा। इससे पूर्व शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा राज्य सचल दल की संयुक्त टीम ने जनपद के तीन प्रतिष्ठानों अमर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट,बीकानेर स्वीट्स तथा ओम स्वीट्स एंड बेकर्स की निर्माण इकाइयों पर औचक छापेमारी की थी।इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण,प्रसंस्करण,रखरखाव,स्वच्छता एवं गुणवत्ता से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई थी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाए जाने पर तीनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 के अंतर्गत सुधार नोटिस जारी किए जाने की संस्तुति की गई थी।वहीं,जांच के लिए कुन्दा(खोवा एवं चीनी),पनीर तथा खोवा के नमूने भी संग्रहित किए गए थे।इन नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा दीपावली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।त्योहार के दौरान मिठाइयों,खोवा,पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए विभागीय टीमें लगातार सक्रिय हैं।शनिवार को भी अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार नमूने संग्रहित किए जाएंगे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्माण एवं बिक्री के दौरान स्वच्छता बनाए रखने,गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि त्योहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मिलावटखोरी एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *