समाजवादी पार्टी महानगर के संस्थापक अध्यक्ष एवं नगर निगम में पार्षद दल के पूर्व नेता स्व. हाजी सैय्यद महमूद की 29वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को आयोजित पीडीए (PDA) सेमिनार में सपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में कानपुर की पांचों सीटें जीतकर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का संकल्प लिया। सेमिनार में महानगर के 78 वार्डों के पदाधिकारी, व्यापारी, कामगार, छोटे दुकानदार, फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता और 470 मलिन बस्तियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। 110 वार्डों में पार्टी को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
श्रद्धांजलि सभा में सपा प्रदेश सचिव केके शुक्ला ने कहा कि हाजी सैय्यद महमूद ने पार्टी को महानगर के 110 वार्डों के प्रत्येक बूथ तक मजबूत करने का काम किया था। मुलायम सिंह यादव के आह्वान पर उनके नेतृत्व में 15 दिवसीय ऐतिहासिक ‘हल्ला बोल’ आंदोलन चलाया गया था। आंदोलन की सफलता पर मुलायम सिंह यादव ने उन्हें लखनऊ बुलाकर प्रदेश अध्यक्षों के सामने सम्मानित किया था। उन्होंने कहा कि सैय्यद महमूद को नगर निगम एक्ट की गहरी जानकारी थी। यही वजह थी कि हाउस टैक्स से जुड़े मामलों में तत्कालीन प्रशासक भी उनसे सलाह लेते थे।
छात्राओं की स्नातक तक फीस होगी माफ, कामगारों को मिलेगा आवास
महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि 2027 में कानपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर सपा जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर छात्राओं को स्नातक तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। उनकी पूरी फीस माफ होगी। इसके अलावा आवासहीन कामगारों को घर उपलब्ध कराकर हाजी सैय्यद महमूद के सपनों को पूरा किया जाएगा। इसके लिए पार्टी की युवा टीम घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी। सफाई व्यवस्था और गड्ढों को लेकर भाजपा पर निशाना
सपा महासचिव बंटी सेंगर ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और सड़कों पर हजारों गड्ढे हैं। सफाई व्यवस्था ठेकेदारों के हाथों में सौंपे जाने से शहर की हालत खराब हो गई है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर सफाई व्यवस्था ठेकेदारों से वापस लेकर सरकारी कर्मचारियों के माध्यम से संचालित कराई जाएगी। सेमिनार में महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा भी उठा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में जुटी है। नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव के बढ़ते जनाधार से भाजपा घबराई हुई है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। अस्पताल और बाजार में मरीजों व गरीबों को बांटे फल
पुण्यतिथि के अवसर पर महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव फलक नाज ने जाजमऊ स्थित नासिर हॉस्पिटल में गरीबों और मरीजों को फल वितरित किए। वहीं, पार्टी प्रवक्ता शमशुल अंसारी ने नवीन मार्केट में जरूरतमंदों को फल बांटकर हाजी सैय्यद महमूद को श्रद्धांजलि अर्पित की। ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सतीश निगम, जगदीश यादव, वीर सेन यादव, सत्यनारायण गहरवार, नरेंद्र सिंह पिंटू ठाकुर, रीता जितेंद्र बहादुर, केके मिश्रा, अंबर त्रिवेदी, कमलेश ओमर, महेंद्र सिंह, अरमान खान, अर्पित त्रिवेदी, सुलेखा यादव, रजत मिश्रा, शबाब अबरार, कीर्ति अग्निहोत्री, असर अख्तर, इशरत इराकी, ओमप्रकाश गुप्ता, शादाब आलम, हुकुम सिंह यादव, सुधांशु मिश्रा, परमवीर गंभीर, विनय गुप्ता, शमशुल हक, वीरेंद्र निषाद, राजन पटेल, मो. मेराज, मो. नसीम, हेमंत गुप्ता, खालिद रजा, यूनुस बदरी, सलीम गाजी, नीरज गुप्ता, फैज महमूद, मो. अकील, अमरजीत सलूजा, एहसास बॉबी और एहसान खान सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

