अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर एक कार से 211 किलो 99 ग्राम गांजा जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, गांजे की अनुमानित कीमत 21 लाख 19 हजार 900 रुपए है। कार चालक पुलिस को देखकर जंगल की ओर भाग गया। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने बताया कि प्रदेशभर में एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमगवां से कुछ संदिग्ध कारें तेज गति से राजेंद्रग्राम की ओर आ रही हैं। उनमें अवैध सामान लदा है। सूचना पर राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे ने टीम के साथ ग्राम अचलपुर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद छत्तीसगढ़ नंबर की डस्टर कार (CG 16 CA 9735) आती दिखी। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस को पास आते देख चालक ने कार सड़क किनारे रोकी और खेतों की तरफ से जंगल में भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर वह निकल गया। कार से मोबाइल और पर्स भी जब्त कार की तलाशी में पिछली सीट और डिग्गी में गांजे से भरे कई बोरे मिले। पुलिस ने गांजे के साथ कार, एक मोबाइल फोन और एक पर्स भी जब्त किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इनपुट में दो कारों से पायलटिंग की बात भी कही गई है।

