सवाई माधोपुर जिले की फलोदी रेंज के टोडरा गांव में करवा चौथ की रात लेपर्ड ने एक महिला पर हमला कर दिया। करवा चौथ का चांद देख रही महिला पर लेपर्ड झपट पड़ा। लेपर्ड ने महिला के पैर पर नाखून गड़ा दिए। हमले में संध्या बैरवा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें सवाई माधोपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में वन्य जीव की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। चांद देखने आंगन में खड़ी थी महिला जानकारी के अनुसार, टोडरा गांव निवासी संध्या बैरवा करवा चौथ की रात चंद्र दर्शन करने के लिए अपने घर के आंगन में खड़ी थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर भागा महिला पर हमला होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद वन्यजीव मौके से भाग गया। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से की गश्त बढ़ाने की मांग घटना के बाद टोडरा गांव सहित आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

