एसडीएम ने लिया टोहाना मंडी में धान खरीद का जायजा:जांच के बाद ही गेटपास जारी करने के निर्देश, बोले- अनाधिकृत वाहन को न दे एंट्री

एसडीएम ने लिया टोहाना मंडी में धान खरीद का जायजा:जांच के बाद ही गेटपास जारी करने के निर्देश, बोले- अनाधिकृत वाहन को न दे एंट्री

फतेहाबाद जिले के टोहाना में एसडीएम आकाश शर्मा ने शुक्रवार को अतिरिक्त अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद सीजन के तहत चल रही खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान की खरीद, फसल पंजीकरण, गेट पास जारी करने तथा खरीदे गए धान के उठान (लिफ्टिंग) से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम आकाश ने निर्देश दिए कि मंडी में धान की खरीद पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार की जाए। मंडी परिसर में किसी भी अनधिकृत वाहन अथवा अन्य साधन को प्रवेश की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों की फसल का पंजीकरण निर्धारित पोर्टल और रिकॉर्ड के अनुसार अच्छी तरह जांचा जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। गेट पास जारी करने में बरतें पूरी सतर्कता एसडीएम आकाश शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गेट पास जारी करते समय पूरी सतर्कता बरती जाए। केवल नियमानुसार अधिकृत किसानों एवं वाहनों के लिए ही गेट पास जारी किए जाएं। बिना उचित सत्यापन के किसी भी वाहन को मंडी में प्रवेश देने अथवा खरीद प्रक्रिया में शामिल करने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडी के प्रवेश द्वारों पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। धान की लिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंडी में खरीदे जा चुके धान की लिफ्टिंग प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एजेंसियों एवं अधिकारियों को धान के उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि मंडी परिसर में अनावश्यक रूप से धान का भंडारण न हो और नई फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धान की खरीद के साथ-साथ उठान का कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन रख रहा निगरानी एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू ढंग से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *