Jammu Kashmir में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 OGW गिरफ्तार

Jammu Kashmir में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 OGW गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध वित्तीय नेटवर्क की जांच के बाद इस केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय आतंकी वित्त पोषण मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया और आतंकवादियों तक मदद पहुंचाने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यहां शुक्रवार को यह जानकारी दी। आतंकवादियों तक मदद पहुंचाने वाले इन लोगों को ‘ओवर ग्राउंड वर्कर्स’ भी कहा जाता है।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘जांच के दौरान विभिन्न भुगतान मंचों के जरिये किए गए संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण किया गया। इससे कई स्तरों पर धन के लेनदेन और उसके प्रवाह का पता लगाने में मदद मिली।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जांच में ऐसे लोगों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिनके कथित तौर पर आतंकी वित्तपोषण में शामिल होने और अलग-अलग जेलों में बंद आतंकवादियों तथा उनके सहयोगियों से संबंध होने की बात सामने आई है।’’
उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक आतंकवादियों तक मदद पहुंचाने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत शोपियां थाने में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान ओवैस शफी नाइकू, तजामुल अहमद शाह, मोइज इकबाल, इमदाद यूसुफ गनी, साकिब जहूर वानी, लियाकत नजीर लोन, आमिर अहमद गनी, फिरदौस ठोकर, मोहम्मद हनीफ और काजू के रूप में की है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी आम लोगों से गुप्त रूप से धन जुटा रहे थे और उसे स्थापित वित्तीय संपर्कों के जरिए आगे भेज रहे थे, ताकि लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) की आतंकवादी गतिविधियों को मदद पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि इस धन का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए स्मार्टफोन सहित अन्य रसद सहायता उपलब्ध कराने में भी कथित तौर पर किया जा रहा था।

अधिकारियों ने कहा कि व्यापक नेटवर्क का पता लगाने, वित्तीय लेन-देन के अन्य संपर्कों की पहचान करने और इस मॉड्यूल में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *