मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में बुधवार रात प्रॉपर्टी डीलर रोहतास उर्फ रोहतान की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। सलेमपुर से महोली जाने वाले रास्ते पर हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार के अनुसार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि रोहतास हत्याकांड में वांछित आरोपी सलेमपुर से महोली की ओर जा रहे हैं। इस पर थाना हाईवे पुलिस टीम ने सुबह करीब 4:27 बजे रास्ते पर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें मनोज पुत्र भीकचंद निवासी महोली, थाना हाईवे के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरे आरोपी कंचन पुत्र रामदेव निवासी अमृतपुर, जिला फर्रुखाबाद, हाल निवासी महोली को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल मनोज को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और पल्सर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपी रोहतास हत्याकांड में वांछित चल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

