औरैया के बनारसी दास मोहल्ले में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक महिला ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन उन्हें 50 अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है। महिला की पहचान निर्मला के रूप में हुई है। वह बनारसी दास के रहने वाले मुकेश कुमार की पत्नी थीं। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल से पुलिस को फौती मेमो के जरिए उनकी मौत की सूचना मिली। निर्मला मूल रूप से बिहार के पटना जिले के फतुहा की रहने वाली थीं। करीब 14 साल पहले उनकी शादी मुकेश कुमार पुत्र शिवनाथ प्रसाद से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें 10 साल की बेटी सोनम और 8 साल का बेटा मयंक है। सूचना मिलने पर महिला उपनिरीक्षक सोनी रावत महिला पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचीं। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

