लखीमपुर खीरी में बृहस्पतिवार को महिलाओं ने चांद के दर्शन के बाद करवा चौथ का व्रत खोला। उन्होंने पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को महिलाओं ने सोलह शृंगार कर करवा माता की पूजा की और चांद निकलने का इंतजार किया। चांद दिखने पर छलनी से पहले चंद्रमा और फिर पति का चेहरा देखकर व्रत का पारण किया। सुबह से ही महिलाएं व्रत और पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। बाजारों में मेहंदी लगवाने, चूड़ियां और शृंगार का सामान खरीदने के लिए भीड़ रही। शाम को महिलाओं ने पूजा की थाली सजाकर पूजा की। शहर की बाजपेई कॉलोनी स्थित संतोषी माता मंदिर और पंजाबी कॉलोनी के ऋषि आश्रम में महिलाओं ने सामूहिक पूजा की। उन्होंने करवा चौथ की कथा सुनी और पति की लंबी उम्र के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शाहपुरा कोठी, बाजपेई कॉलोनी, बहादुर नगर, ऑफिसर्स कॉलोनी और काशीनगर समेत शहर के कई मोहल्लों में महिलाओं ने घरों की छतों और खुले स्थानों पर चांद के दर्शन और पूजा की तैयारी की। चांद निकलने के बाद उन्होंने पूजा की और पति के हाथों से जल पीकर व्रत खोला। कई जगह पतियों ने भी अपनी पत्नियों के साथ पूजा में हिस्सा लिया। घरों और मंदिरों में करवा चौथ मनाया गया।

