इंदौर के एरोड्रम थाने के टीआई ने करीब 50 बदमाशों की थाने में क्लास लगा दी। मंगलवार को इलाके में कारों के साथ तोड़फोड़ की गई थी। इसके बाद बुधवार को टीआई मनोज सेंधव ने एरोड्रम इलाके के करीब 50 बदमाशों को थाने बुलवाया था। यहां उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी तरह का अपराध न करें। टीआई ने कहा कि अगर अपराध किया तो ठीक नहीं होगा। खातिरदारी के साथ जेल भेजा जाएगा। साथ ही जिलाबदर और रासुका (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। कारों में तोड़फोड़ के बाद बदमाशों की कराई पहचान टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही एरोड्रम थाने का प्रभार संभाला है। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि पल्हर नगर में बदमाशों ने तीन कारों के कांच फोड़ दिए हैं। इस मामले में आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। टीआई ने बताया कि अभी उन्होंने इलाके का ठीक से भ्रमण नहीं किया था। ऐसे में वे क्षेत्र के बदमाशों को पूरी तरह पहचानते भी नहीं थे। इसलिए वसूली, मारपीट और तोड़फोड़ जैसे अपराधों में शामिल रहे बदमाशों को थाने बुलवाया गया। यहां उनकी पहचान कराई गई और डोजियर भरवाए गए। तीन कारों में तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपी जेल भेजे गए दो दिन पहले पल्हर नगर में नशे में धुत बदमाशों ने सोना-चांदी व्यापारी और गैरेज संचालक की तीन कारों में तोड़फोड़ की थी। मामले में पुलिस ने आदर्श चौबे और पीयूष बोरासे को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों नशे के आदी हैं और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

