सरपंच प्रत्याशी ने मतगणना पर सवाल उठाए:कोथला में पुनर्मतगणना की मांग, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए

सरपंच प्रत्याशी ने मतगणना पर सवाल उठाए:कोथला में पुनर्मतगणना की मांग, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए

झालावाड़ की भवानीमंडी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सरकन्या के कोथला में सरपंच चुनाव की मतगणना पर सवाल उठे हैं। प्रत्याशी सम्पत बाई ने अनियमितताओं का आरोप लगाकर पुनर्मतगणना की मांग की है। सम्पत बाई ग्रामीणों के साथ मिनी सचिवालय पहुंचीं और जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत दी। उन्होंने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। शिकायत में सम्पत बाई ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान उन्हें मतों की गिनती देखने से रोका गया। पुनर्मतगणना की मांग पर भी उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने निरस्त मतपत्र नहीं दिखाने, चुनाव से जुड़े दस्तावेज नहीं देने और मतगणना में पारदर्शिता की कमी के आरोप भी लगाए। उन्होंने पीठासीन अधिकारी और मतदान दल के कर्मचारियों के वर्तमान सरपंच के निजी आवास पर भोजन करने और वहां आने-जाने पर भी सवाल उठाए। सम्पत बाई का आरोप है कि मतगणना के दौरान उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में उनके पास बातचीत के चैट स्क्रीनशॉट हैं। सम्पत बाई ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मतगणना के अभिलेखों, परिणाम पत्रक, मतपत्रों और अन्य संबंधित साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनियमितताएं प्रमाणित होने पर नियमानुसार पुनर्मतगणना कराई जाए और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई हो। शिकायत मिलने के बाद जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *