Morning Sneezing: हर सुबह जैसे ही आंख खुलती है, बिस्तर छोड़ते ही लगातार 5-10 छींकें आना, नाक से पानी बहना और आंखों में खुजली होना क्या आप भी इसे केवल मौसम का असर या ठंडी हवा लग जाना मानकर टाल देते हैं? अगर हां, तो संभल जाइए। सुबह-सुबह आने वाली छींकें केवल एक अस्थाई एलर्जी नहीं, बल्कि आपके फेफड़ों से आ रही चेतावनी भी हो सकती है। हेल्थलाइन के अनुसार, एलर्जी और अस्थमा का आपस में बहुत गहरा और सीधा संबंध है। अकसर लोग सुबह की छींकों को मामूली एलर्जी समझकर एंटिहिस्टामिन दवाएं खा लेते हैं, जबकि यह एलर्जिक अस्थमा (Allergic Asthma) की शुरुआत हो सकती है। आइए समझते हैं कि सुबह की छींकों का असली कारण क्या है और आप घर बैठे एलर्जी व अस्थमा के बारीक अंतर को कैसे पहचान सकते हैं।

सुबह ही क्यों आती हैं इतनी छींकें?
सुबह के समय एलर्जी और छींकों के लक्षण सबसे ज्यादा हावी होते हैं। इसके पीछे आपके कमरे का वातावरण और शरीर की जैविक घड़ी (Circadian Rhythm) दोनों जिम्मेदार हैं;
- डस्ट माइट्स (Dust Mites)- हमारे गद्दों, तकियों और कंबलों में सूक्ष्म डस्ट माइट्स होते हैं। रात भर जब हम सांस लेते हैं, तो इनके बारीक कण हमारी नाक की नलियों में जमा हो जाते हैं, जिससे सुबह उठते ही छींकें शुरू हो जाती हैं।
- कमरे का तापमान और नमी- रात के समय हवा में नमी बढ़ती है और तापमान गिरता है। जैसे ही हम सुबह गर्म बिस्तर से बाहर निकलकर ठंडी फर्श या हवा के संपर्क में आते हैं, हमारी नाक की संवेदनशील नसें (Nerves) तुरंत रिएक्ट करती हैं।
- हार्मोनल बदलाव- सुबह (Early Morning) शरीर में प्राकृतिक एंटी-इंफ्लेमेटरी हार्मोन कोर्टिसोल का स्तर सबसे कम होता है। इस वजह से श्वसन तंत्र में सूजन और संवेदनशीलता बढ़ जाती है।
- परागकण (Pollen Count)- कई पौधों और घासों के परागकण सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे के बीच हवा में सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं।
सुबह की छींकों से बचाव के उपाय
वैरीवेल हेल्थ के मुताबिक, सुबह की छींकों और एलर्जी से राहत पाने के लिए दवाओं से ज्यादा ट्रिगर्स से बचाव जरूरी है;
- बेडरूम को माइट-फ्री बनाएं।
- बिस्तर छोड़ते ही सीधी ठंडी हवा से बचें।
- स्टीम (भाप) लें।
- नेती या सेलाइन वॉश।
- मास्क का इस्तेमाल करें।
डॉक्टर से कब संपर्क करें?
यदि सुबह की छींकों के कारण आपकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है, नींद पूरी नहीं हो पा रही है, या छींकों के साथ सांस लेने में तकलीफ हो रही है, तो खुद से दवाएं लेने के बजाय तुरंत किसी पल्मोनोलॉजिस्ट (सांस रोग विशेषज्ञ) या एलर्जी स्पेशलिस्ट से जांच कराएं। सही समय पर पहचान करके आप एलर्जी को अस्थमा में बदलने से रोक सकते हैं।

