शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात बालाजी बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि उसकी पल्सर बाइक बस के नीचे फंस गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस का शीशा फोड़ दिया। घायल युवक को जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, परिच्छा निवासी शिवराज जाटव (28) पुत्र सरवन जाटव 28 अक्टूबर की रात करीब 8:45 बजे पल्सर बाइक (MP33ZG5921) से परिच्छा बस स्टैंड से सब्जी लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान शिवपुरी की ओर से आ रही बालाजी बस (RJ20PB1547) ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार, बस चालक तेज गति और लापरवाही से बस चला रहा था। टक्कर के बाद शिवराज बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि उसकी बाइक बस के नीचे फंस गई। सिर, चेहरे और हाथ-पैर में चोटें हादसे में शिवराज के सिर, चेहरे, दोनों हाथों, बाएं पैर के टखने और कमर में चोट आई है। उसके शरीर से खून निकल रहा था। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर शिवराज के पिता सरवन जाटव और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल शिवपुरी पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पिता की शिकायत पर केस दर्ज शिवराज के पिता सरवन जाटव ने पोहरी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।

