सिद्धार्थनगर में बर्डपुर-अलीगढ़वा मार्ग को फोरलेन बनाने का काम शुरू हो गया है। 261 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत 9.4 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। चार जगह पुलिया बनाने का काम शुरू है। परियोजना के लिए 14 राजस्व गांवों के 200 से अधिक किसानों की करीब 10 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी। सड़क चौड़ी होने से कपिलवस्तु के बौद्ध स्तूपों तक पहुंचना आसान होगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू सिद्धार्थ विश्वविद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी सुविधा मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू कराया गया। जहां पहले ह्यूम पाइप या संकरी पुलिया थीं, वहां नई पुलियां बनाई जा रही हैं। इनसे सड़क किनारे पानी की निकासी बेहतर होगी। जहां जलभराव की समस्या नहीं है, वहां मिट्टी भरने का काम भी शुरू हो गया है। परियोजना के लिए कुल 261 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें से 150 करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर खर्च होंगे। जमीन अधिग्रहण के लिए शासन ने 87 करोड़ रुपये दिए हैं। अन्य कामों समेत जमीन अधिग्रहण पर कुल 111 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क की जद में आने वाले 40 से अधिक मकानों को आंशिक या पूरी तरह हटाने पर 25 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। बिजली के खंभे, पेड़ और जल निगम की पाइपलाइन हटाकर दूसरी जगह लगाने के लिए संबंधित विभागों को 7 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। 14 गांवों में जमीन का सीमांकन पूरा हो गया है। बर्डपुर से अलीगढ़वा मार्ग पर पहले से छठे किलोमीटर तक दाईं ओर ड्रेनेज खंड की नहर है, इसलिए बाईं ओर 88 फीट जमीन चिह्नित की गई है। छठे से 9.4 किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर 44-44 फीट जमीन का सीमांकन किया गया है।

