बालाघाट में बहेला पुलिस ने बुधवार देर शाम 24.314 किलो गांजे के साथ ओडिशा के युवक सीमांचल मलिक (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गांजे की कीमत करीब 12 लाख रुपए है। चार दिन में नशे से जुड़ी यह पुलिस की दूसरी कार्रवाई है। पुलिस ने बताया कि सीमांचल मलिक ओडिशा के कंधमाल जिले के बलाकिया पाडीगन का रहने वाला है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि भुरसाडोंगरी तिराहे के पास एक युवक गांजा बेचने की फिराक में है। पुलिस टीम ने तिराहे से करीब 150 मीटर दूर लांजी मार्ग के पास झाड़ियों में छिपे युवक को पकड़ा। उसकी बोरी की तलाशी में खाकी रंग के टेप में लिपटे 11 पैकेट मिले। इनमें गांजा था, जिसका कुल वजन 24.314 किलो निकला। पुलिस ने गांजा जब्त कर सीलबंद किया और युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। गांव के जंगल में उगाया गांजा पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने गांव के जंगल में गांजा उगाया था। वह इसे बेचने के लिए प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर लाया था। पुलिस गांजे के स्रोत, उसे लाने के तरीके, संभावित खरीदारों और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। इससे पहले रविवार को बहेला पुलिस ने रिसेवाड़ा निवासी फाल्गुराम मस्करे के घर के पीछे बाड़ी से 325 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की थी। पुलिस के मुताबिक, शराब की कीमत करीब 1 लाख 72 हजार रुपए थी। शराब 31 पेटियों में रखी गई थी।

