बाराबंकी के प्रसिद्ध देवा मेला-2026 में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से ऑडिटोरियम में एकल नृत्य और समूह गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में वारिस चिल्ड्रेन एकेडमी फतेहपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि समूह गायन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) बाराबंकी की टीम ने बाजी मारी। डीआईओएस ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, शिक्षक रहे मौजूद कार्यक्रम की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अमिता सिंह ने दीप जलाकर की। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा की प्रभारी प्रधानाचार्य अनामिका वर्मा, वारसी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अखिलेश चंद्र शुक्ल और डायट प्रवक्ता आरपी यादव समेत कई स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। एकल नृत्य में नवोदय विद्यालय दूसरे और प्रतिभा कॉलेज तीसरे स्थान पर एकल नृत्य प्रतियोगिता में कड़ी टक्कर देखने को मिली। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय बाराबंकी ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि प्रतिभा इंटर कॉलेज नरैनी देवा की छात्रा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समूह गायन में छाए देशभक्ति गीत, विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार समूह गायन प्रतियोगिता में जीजीआईसी देवा दूसरे और पायनियर मांटेसरी इंटर कॉलेज बाराबंकी तीसरे स्थान पर रहा। विद्यार्थियों ने ‘ऐ वतन, वतन मेरे’, ‘तेरा हिमालय’ और ‘हिंद देश के निवासी’ जैसे देशभक्ति गीत गाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में डीआईओएस अमिता सिंह और डायट प्रवक्ता आरपी यादव ने विजेताओं को डमी चेक और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। एकल नृत्य में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः ₹5,100, ₹3,500 और ₹2,100 की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं समूह गायन के विजेताओं को क्रमशः ₹7,500, ₹5,100 और ₹3,500 के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन आशीष पाठक ने किया।

