यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को ‘रूस के आक्रमण’ को खत्म करने की रणनीतियों को लेकर कीव और वाशिंगटन के बीच संबंधों पर बात की। उन्होंने जोर देकर कहा कि हालांकि वे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों ही इस संघर्ष को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन शांति हासिल करने के लिए दोनों नेताओं के तरीके अलग-अलग हैं।
‘द सन’ को दिए एक इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा, “रूस के युद्ध को खत्म करने के मामले में राष्ट्रपति ट्रंप और मैं एक ही पक्ष में हैं, लेकिन इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमारे तरीके अलग-अलग हैं। मेरी सोच यह है कि पुतिन असलियत और मानसिकता, दोनों ही मायनों में पूरी तरह से सोवियत दौर के इंसान हैं। हम यह इसलिए जानते हैं क्योंकि मेरी पीढ़ी का जन्म सोवियत संघ में हुआ था। जब पुतिन झूठ बोलते हैं, तो हम उसे समझ जाते हैं। हम कई सालों तक रूसियों के पड़ोसी रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हम रूसियों को अमेरिका की तुलना में कहीं बेहतर समझते हैं।”

