शिवपुरी के कोर्ट रोड स्थित गांधी चौक पर बुधवार को मनिहारी दुकानदारों और नगर पालिका की टीम के बीच दुकानें लगाने की जगह को लेकर विवाद हो गया। कार्रवाई के विरोध में महिला दुकानदार सड़क पर बैठ गईं। इससे जाम जैसे हालात बने। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को सड़क से हटाया। पटवा समाज के लोग गांधी चौक पर वर्षों से मनिहारी की दुकानें लगाते आ रहे हैं। दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ और जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने कोर्ट रोड को आदर्श रोड बनाया है। यहां हाथ ठेले लगाने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक है। प्रशासन ने गांधी चौक के दुकानदारों को पुराने प्राइवेट बस स्टैंड पर जगह दी थी, लेकिन दुकानदारों ने दुकानें वहां नहीं लगाईं। इसके बाद उन्हें दीपावली तक गांधी चौक पर 6 फीट जगह में दुकानें लगाने की अनुमति दी गई। आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने तय सीमा से ज्यादा जगह घेर ली और कुछ ने दो से तीन दुकानें लगा लीं। इससे सड़क पर जगह कम हुई और जाम जैसे हालात बनने लगे। महिलाएं सड़क पर बैठीं इसी को लेकर बुधवार को नगर पालिका की अतिक्रमण टीम गांधी चौक पहुंची। दुकानदारों और कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ। महिलाएं विरोध में सड़क पर बैठ गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और उन्हें सड़क से हटाया। नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे ने बताया कि दुकानदारों को दीपावली तक सीमित जगह में दुकानें लगाने की अनुमति दी गई थी। कुछ लोगों ने तय सीमा से बाहर दुकानें फैला ली थीं। खरे के मुताबिक, बुधवार को मौके पर नपती कर हर दुकानदार के लिए 6 फीट जगह तय की गई। तय सीमा से बाहर दुकान लगाने पर सामान जब्त किया जाएगा।

