पानीपत में सनौली के पास तामशाबाद टोल प्लाजा पर मंगलवार रात टोल टैक्स की पर्ची को लेकर जमकर बवाल हुआ। हरियाणा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रही तीन कारों में सवार लोगों ने टोल टैक्स देने को लेकर कर्मचारियों से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि बहसबाजी के बाद कार सवारों ने टोल कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया, मारपीट करते हुए तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए हंगामे में तीन टोल कर्मचारी घायल हो गए। विवाद बढ़ने पर टोल कर्मियों को मौके से हटना पड़ा। आरोप है कि इसके बाद कार सवारों ने आसपास के गांवों से करीब 50 लोगों को मौके पर बुला लिया। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तीनों कारों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। टोल कर्मचारी कमलजीत ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे हरियाणा की तरफ से तीन कारें उत्तर प्रदेश की ओर जाने के लिए तामशाबाद टोल प्लाजा पर पहुंचीं। इनमें उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा नंबर की गाड़ियां शामिल थीं। आरोप है कि कार सवार टोल टैक्स दिए बिना ही गाड़ियां निकालने का प्रयास कर रहे थे। टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोककर टैक्स की पर्ची को लेकर बात की तो विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला बढ़ता चला गया। आरोप है कि कार सवारों ने कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की कोशिश की और टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ की। इस दौरान तीन कर्मचारियों को चोटें आईं। विवाद बढ़ा तो मौके से हटे कर्मचारी, 50 लोगों को बुलाने का आरोप कमलजीत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर टोल कर्मचारियों को मौके से हटना पड़ा। आरोप है कि इसके बाद कार सवारों ने आसपास के गांवों से करीब 50 लोगों को बुला लिया। इससे टोल प्लाजा पर तनाव की स्थिति बन गई। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। टोल कर्मियों का कहना है कि हंगामे में आसपास के गांवों के कुछ लोग भी शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकते हैं। तीनों कारें मौके पर छोड़कर गए, पुलिस ने कब्जे में लीं घटना के बाद तीनों कारें टोल प्लाजा पर ही खड़ी रह गईं। सूचना मिलने और शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस ने तीनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में विवाद की तस्वीरें रिकॉर्ड हुई हैं। सनोली थाना प्रभारी विनोद का कहना है कि इतना तो आमतौर पर हो ही जाता है। आसपास के लोग टोल फ्री करवाने को लेकर बहसबाजी कर ही लेते हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है।

