गुना नगरपालिका में शहर की स्ट्रीट लाइट और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी सामग्री की खरीदी में देरी का मामला सामने आया है। अध्यक्ष और प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (PIC) से मंजूरी मिलने के बावजूद फाइल पर आगे की कार्रवाई में कई महीने लग गए। स्थिति यह है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के करीब 7 महीने बीतने के बाद भी खरीदी के लिए टेंडर जारी नहीं हो पाया है। नगरपालिका में स्ट्रीट लाइट और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी सामग्री की खरीदी हर साल की जाती है। आमतौर पर वित्तीय वर्ष की शुरुआत में इसके टेंडर जारी होते हैं। इस बार भी जरूरी सामग्री की खरीदी के लिए मार्च में नोटशीट शुरू की गई थी। 20-20 लाख रुपए के दो प्रस्ताव तैयार किए विद्युत व्यवस्था का काम देखने वाले नरेंद्र नौनेरिया ने 21 मार्च को दो नोटशीट शुरू कीं। इनमें मेटल बल्ब, एल्यूमिनियम वायर, कॉपर वायर, LED प्लेट सहित अन्य सामग्री खरीदने का प्रस्ताव था। इसके लिए 20-20 लाख रुपए के दो प्रस्तावों को वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति के लिए PIC में रखने की प्रक्रिया शुरू की गई। 8 अप्रैल को सब इंजीनियर ने नोटशीट पर सामग्री खरीदी के लिए 20 लाख रुपए की वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति का प्रस्ताव PIC में रखने की टीप लिखी। इसी दिन CMO और नगरपालिका अध्यक्ष ने भी हस्ताक्षर कर दिए। इसके बाद प्रस्ताव PIC की बैठक में पारित हुआ। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 20 मई को प्रस्ताव पास कर आगे भेजा गया। PIC की मंजूरी के बाद भी कई महीने अटकी रही फाइल प्रस्ताव पारित होने के करीब दो महीने बाद, 29 जुलाई को सब इंजीनियर ने नोटशीट आगे बढ़ाई। इसके बाद असिस्टेंट इंजीनियर ने 25 अगस्त को फाइल आगे भेजी। यानी PIC की मंजूरी के बाद भी दोनों स्तरों पर फाइल आगे बढ़ने में करीब तीन महीने लग गए। इसके बाद CMO ने हस्ताक्षर किए, लेकिन नोटशीट पर तारीख दर्ज नहीं की। 18 सितंबर को फाइल नगरपालिका अध्यक्ष के पास पहुंची। अध्यक्ष ने उसी दिन नोटशीट पर लिखा कि संबंधित कार्य की फाइल PMC को प्रस्तुत की गई है, जबकि PIC के संकल्प क्रमांक 527, बैठक दिनांक 4 मई 2026 के तहत वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है। अध्यक्ष ने अपनी टीप में यह भी लिखा कि उपयंत्री और सहायक यंत्री ने निविदा जारी करने की कार्रवाई में चार महीने की समयावधि गंवा दी। उन्होंने PIC के संकल्प के अनुसार निविदा तैयार कर प्रकाशन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अक्टूबर में भी टेंडर जारी नहीं हुआ 18 सितंबर के बाद 24 सितंबर को CMO ने नियमानुसार निविदा जारी करने की टीप लिखी। इसके बाद 1 अक्टूबर को नगरपालिका अध्यक्ष ने समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित कराने के लिए फाइल प्रस्तुत करने को कहा। इसके बावजूद नगरपालिका से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक टेंडर जारी नहीं हो पाया है। ऐसे में स्ट्रीट लाइट और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी जरूरी सामग्री की खरीदी प्रक्रिया लंबित है।

