लुधियाना में करवा चौथ की शॉपिंग करके पति के साथ बाइक पर घर लौट रही गर्भवती महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्विफ्ट कार 2 से 3 पलटियां खाकर गिर गई, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में महिला ज्योति और उसके पति रवि के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। ज्योति की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। सूफियां चौक पर हुआ हादसा, कार के एयरबैग भी खुले जानकारी के मुताबिक, ज्योति अपने पति विक्की के साथ करवा चौथ की खरीदारी करके बाइक पर लौट रही थी। इसी दौरान सूफियां चौक के पास शराब के ठेके के बाहर पीछे से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलटियां खाकर सड़क पर गिर गई। हादसे में कार के शीशे टूट गए और एयरबैग भी खुल गए। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की डिग्गी में मिली शराब की पेटी, नशे में होने का आरोप हादसे के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने कार चालक की पहचान राजन के रूप में बताई। जानकारी के मुताबिक, राजन अपने एक साथी के साथ विजय नगर स्थित अपनी दुकान से घर लौट रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था। लोगों के मुताबिक, कार की डिग्गी की जांच करने पर उसमें शराब की एक पेटी मिली, जबकि कुछ बोतलें टूटी हुई थीं। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। भाई बोला- बहन की हालत गंभीर, CMC किया रेफर घायल ज्योति के भाई सन्नी ने बताया कि उसकी बहन बाजार से खरीदारी करके अपने पति के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। ज्योति गर्भवती है और उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। ज्योति बोली- पीछे से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर घायल ज्योति ने बताया कि वह अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी। अचानक पीछे से तेज रफ्तार गाड़ी आई और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला कि वे कहां हैं और क्या हुआ। वहीं, रवि ने बताया कि हादसा सूफियां चौक पर शराब के ठेके के बाहर हुआ। टक्कर के बाद उसे भी ठीक से पता नहीं चला कि कार में कितने लोग सवार थे। हादसे में उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

