अशोकनगर जिले में मंगलवार रात सहोदरी और लखेरी गांव के बीच मक्का बेचकर लौट रहा एक ट्रैक्टर दो ट्रॉलियों सहित कुएं में गिर गया। ट्रैक्टर पर दो लोग सवार थे, वे भी कुएं में गिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लोगों सहित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को निकालने के प्रयास शुरू किए। जानकारी के अनुसार, दो लोग मक्का की फसल बेचने के लिए किराए से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अशोकनगर मंडी आए थे। मक्का बेचने के बाद वे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। इसके चलते टॉर्च की व्यवस्था की जा रही थी। वहीं, ट्रैक्टर और दोनों ट्रॉलियों को कुएं से बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलने पर देहात थाना प्रभारी आकाश शर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

