Cyclone Arnab: मुंबई तक पहुंचा तूफान ‘अर्नब’ का असर! 28, 29, 30 अक्टूबर को महाराष्ट्र में आंधी-बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab: मुंबई तक पहुंचा तूफान ‘अर्नब’ का असर! 28, 29, 30 अक्टूबर को महाराष्ट्र में आंधी-बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab Impact on Maharashtra Weather: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में दिखने वाला है। यही वजह है कि पूरे राज्य में तापमान तेजी से गिरा है और मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिलने लगे है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई केंद्र ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया कि मुंबई के साथ ही राज्य के कई जिलों में आगामी दिनों के दौरान बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात (बिजली चमकने) की संभावना है। हालांकि अगले तीन-चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी में बने बहुत भीषण चक्रवात ‘अर्नब’ के बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है।

विदर्भ और मराठवाड़ा में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र के पूर्वी हिस्सों यानी विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। 28 और 29 अक्टूबर को गढ़चिरौली, चंद्रपूर, गोंदिया, नागपुर और यवतमाल जैसे जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं (30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में निचले स्थानों पर जलभराव और यातायात बाधित होने की भी आशंका है।

कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार, मुंबई, ठाणे और पालघर में 27 और 28 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 29 अक्टूबर के आसपास यहां बादल छा सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसके अलावा, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग तथा मध्य महाराष्ट्र के नासिक, पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बिजली कड़कने के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं।

बता दें कि तूफान ‘अर्नब’ से तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अन्य क्षेत्रों के कई स्थानों पर सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना है। यह बुधवार सुबह बापटला और विशाखापत्तनम (यानम के पास) के बीच आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम, मुलुगु और महबूबाबाद के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 28 और 29 अक्टूबर को वारंगल, हनुमकोंडा, सूर्यापेट और नलगोंडा में भी भारी बारिश की आशंका है। इसे देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *