5 साल से ग्रेच्युटी का इंतजार, विधायक ने मांगा जवाब:12 लाख रुपए से अधिक का भुगतान लंबित, शिक्षक की पत्नी भटकने को मजबूर

5 साल से ग्रेच्युटी का इंतजार, विधायक ने मांगा जवाब:12 लाख रुपए से अधिक का भुगतान लंबित, शिक्षक की पत्नी भटकने को मजबूर

देवरिया में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी का एक वीडियो मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सामने आया। इसमें वह बीएसए डॉ. रामसमुझ मौर्य को फोन कर मृतक शिक्षक की ग्रेच्युटी के भुगतान के संबंध में बात करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार का है। पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले प्रधानाध्यापक राम आशीष कुमार सिंह की पत्नी कौशल्या देवी अपने देवर टुन्नू कुमार सिंह के साथ विधायक के आवास पर जनता दर्शन में पहुंची थीं। उन्होंने 12 लाख रुपए से अधिक की लंबित ग्रेच्युटी का भुगतान कराने की गुहार लगाई थी। राम आशीष कुमार सिंह भागलपुर क्षेत्र के सुकुरपुरा में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। 26 अप्रैल 2021 को कोरोना काल में पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान उनकी मौत हो गई थी। उनकी पत्नी कौशल्या देवी ने वर्ष 2024 में ग्रेच्युटी के भुगतान के लिए विभाग में आवेदन दिया था। इसके बावजूद करीब पांच साल बाद भी भुगतान नहीं हो सका है। विधायक ने बीएसए को फोन कर जताई नाराजगी रविवार को कौशल्या देवी अपने देवर के साथ सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी से मिलीं और प्रार्थना पत्र देकर लंबित भुगतान कराने की मांग की। इस पर विधायक ने तत्काल बीएसए को फोन लगाया और भुगतान में देरी की वजह पूछी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई करने और ग्रेच्युटी का भुगतान कराने की व्यवस्था करने को कहा। लिपिक पर 35 हजार रुपए लेने का आरोप कौशल्या देवी ने आरोप लगाया कि उन्होंने संबंधित लिपिक को 35 हजार रुपए दिए थे। इसके बावजूद मूल सेवा पुस्तिका के बिना ही रिकॉर्ड गोरखपुर भेज दिया गया, जिससे पत्रावली वापस आ गई। महिला का यह भी आरोप है कि बाद में मूल सेवा पुस्तिका उपलब्ध कराने के नाम पर एक लाख रुपए की मांग की गई। बीएसए ने लिपिक को फटकारा सोमवार को बीएसए कार्यालय खुलने के बाद मामले में कार्रवाई शुरू हुई। बीएसए डॉ. रामसमुझ मौर्य ने संबंधित लिपिक को बुलाकर फटकार लगाई। उन्होंने मूल सेवा पुस्तिका संलग्न कर पूरी पत्रावली गोरखपुर भेजने का निर्देश दिया। अब पीड़ित परिवार को लंबित ग्रेच्युटी के भुगतान का इंतजार है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *