‘लोग मुझे अमिताभ बच्चन को मारने वाला समझने लगे थे’, ‘कुली’ के सेट पर हुए हादसे पर फिर छलका पुनीत इस्सर का दर्द

‘लोग मुझे अमिताभ बच्चन को मारने वाला समझने लगे थे’, ‘कुली’ के सेट पर हुए हादसे पर फिर छलका पुनीत इस्सर का दर्द

Puneet Issar Amitabh Bachchan: ‘महाभारत’ में दुर्योधन के पौराणिक किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता पुनीत इस्सर को कौन नहीं जानता। मगर इस किरदार को निभाने से बहुत पहले से ही वह हिंदी सिनेमा में काम कर रहे थे और उन्होंने वहां काफी काम किया था। हालांकि, अमिताभ बच्चन के साथ हुए एक हादसे ने उनके करियर की दिशा ही बदल दी।

साल 1982 में ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान, पुनीत और अमिताभ एक फाइट सीक्वेंस की शूटिंग कर रहे थे, तभी एक गलत समय पर लगे मुक्के ने अमिताभ बच्चन की जान को खतरे में डाल दिया था। हाल ही में अमित भाटिया के साथ बातचीत में, पुनीत इस्सर ने उस हादसे के बाद के हालात और इस बारे में बात की कि कैसे ‘महाभारत’ ने उनके करियर को फिर से संवारा।

अमिताभ बच्चन के साथ हुए हादसे के बाद काम पाने के लिए पुनीत इस्सर को करना पड़ा मुश्किलों का सामना

अमिताभ बच्चन के साथ हुई उस घटना को याद करते हुए पुनीत इस्सर ने बताया, “मेरा पक्का मानना ​​है कि जो कुछ भी होता है, अच्छे के लिए ही होता है। बदकिस्मती से वह हादसा हो गया। उसके बाद मुझे छह साल तक कोई काम नहीं मिला, लेकिन मैं दुनिया भर में मशहूर हो गया। लोग मुझे उस इंसान के रूप में जानने लगे जिसने लगभग अमिताभ बच्चन की जान ही ले ली थी। यह बस एक हादसा था। मैंने कभी जानबूझकर ऐसा नहीं किया। अमित जी एक मेगास्टार हैं और मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। उस हादसे के बाद के छह साल बहुत मुश्किल थे। मुझे अपनी पसंद के रोल नहीं मिले और मुझे कुछ फिल्मों से भी निकाल दिया गया, लेकिन मैं किसी को दोष नहीं देता। यह मेरी किस्मत थी; इसने मुझे और मजबूत बनाया।”

कैसे ‘महाभारत’ ने पुनीत इस्सर के करियर को नई उड़ान

‘महाभारत’ में दुर्योधन के किरदार के लिए मशहूर हुए पुनीत ने बताया, “मुझे ‘महाभारत’ मिली, मैं ‘दुष्ट दुर्योधन’ के रूप में पहचाना जाने लगा। और मैं यही किरदार निभाना चाहता था। बी.आर. चोपड़ा साहब चाहते थे कि मैं भीम का रोल करूं। जब मैंने कहा कि मैं दुर्योधन के रोल के लिए ऑडिशन देना चाहता हूं, तो वे और उनके साथी हैरान रह गए। लेकिन मैंने जिद की कि मुझे दुर्योधन ही बनना है। लोगों ने उस किरदार के साथ बहुत गहरा जुड़ाव महसूस किया।”

क्या है अमिताभ बच्चन-पुनीत इस्सर हादसे की कहानी

बता दें कि 1982 में, ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान, मेगास्टार अमिताभ बच्चन एक फाइट सीक्वेंस में बुरी तरह घायल हो गए थे। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें ‘क्लिनिकली डेड’ (चिकित्सकीय रूप से मृत) घोषित कर दिया गया था। बेंगलुरु में शूटिंग के दौरान, पुनीत इस्सर और अमिताभ बच्चन के बीच एक फाइट सीन फिल्माया जा रहा था। दुर्भाग्य से, पुनीत का मुक्का गलत समय पर लगा, जिससे अमिताभ बच्चन को जानलेवा चोट लग गई।

बिग बी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां वेंटिलेटर पर रहने के दौरान कुछ मिनटों के लिए उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। अमिताभ बच्चन की कई सर्जरी हुईं और वे कुछ महीनों तक गंभीर स्थिति में रहे।

हादसे के बाद पुनीत इस्सर के हाथ से निकल गईं थीं एक साथ 10 फिल्में

अप्रैल में, पुनीत इस्सर ने ‘डिजिटल कमेंट्री’ से इस घटना के बारे में बात करते हुए कहा, “उस घटना के बाद लोग मुझसे काफी डरने लगे थे। लोगों का कहना था कि मैं 8वें डिग्री का ब्लैक बेल्ट होल्डर हूं। लोगों ने तरह-तरह की बातें और कयास लगाने शुरू कर दिए। वे कहने लगे, ‘अगर इतने हल्के पंच से अमिताभ बच्चन को इतनी गंभीर चोट लग सकती है, तो सोचिए अगर वह अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करे तो क्या होगा!’ जीवन के हर दौर से इंसान बहुत कुछ सीखता है। मैंने धैर्य रखना और विनम्र रहना सीखा।

एक पल ने मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल दी

एक 21 साल का युवा, जिसे अमिताभ बच्चन के सामने लीड विलेन के तौर पर साइन किया गया था और जिसके पास 10 फिल्में थीं। पुनीत इस्सर ने बताया कि हादसे के बाद उनके हाथ से एक साथ निकल गईं थीं 10 फिल्में। लोग अचानक भूल गए कि मैं ‘एक्टर्स स्टूडियो’ का गोल्ड मेडलिस्ट और एक प्रशिक्षित कलाकार हूं। मैं डिक्शन (भाषा और उच्चारण) का प्रोफेसर भी था। यह सब खत्म हो गया, मैं अचानक बस एक ‘फाइटर’ बनकर रह गया। उसके बाद मुझे सिर्फ ऐसे ही रोल मिलने लगे, और अपना गुजारा करने के लिए मुझे उन्हें स्वीकार करना पड़ा। आखिरकार, मेरी शादी भी तो हो चुकी थी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *