विदिशा के सागर रोड स्थित भैराखेड़ी चौराहे पर मंगलवार को डंपर की टक्कर से मजदूर रमेश कुशवाहा (40-45) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस और एम्बुलेंस के देर से पहुंचने का आरोप लगाया। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। परिजनों ने लगाया देरी का आरोप रमेश के बेटे अमित कुशवाहा और साले मुकेश कुशवाहा का कहना है कि हादसे के बाद रमेश की सांसें चल रही थीं। उन्होंने मदद के लिए फोन किया, लेकिन उनके मुताबिक पुलिस और एम्बुलेंस करीब दो घंटे तक नहीं पहुंची। परिजनों का दावा है कि यदि समय पर मदद मिल जाती, तो रमेश की जान बच सकती थी। समझाइश के बाद हटाया जाम हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया गया है।

