सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ढुढियांवाली बस स्टैंड के समीप चोरों ने एक मेडिकल स्टोर और एक बीज भंडार को निशाना बनाते हुए गल्ले से नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। दोनों दुकानों से करीब तीन हजार रुपए की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। चोरी की यह वारदात दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद दुकानदारों में रोष है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मंगलवार सुबह जब दुकानदारों को चोरी का पता चला तो उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक युवक गल्ले से नकदी निकालता दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस जीवन नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध युवक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके। वहीं, दुकानदारों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

